करीब एक घंटे तक पानी में खड़े रहकर किया प्रदर्शन, आत्मदाह की चेतावनी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली के लिए मुखर छात्रनेता इस बार विरोध के अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। शुक्रवार को छात्रनेताओं ने राप्ती नदी में घुसकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
युवा कांग्रेस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के महासचिव मनीष ओझा के नेतृत्व में डीडीयू के छात्र शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे राप्ती नदी के राजघाट तट पर पहुंचे। नदी के अंदर घुसकर उन्होंने छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को हुई। इसके बाद एसडीएम चौरीचौरा सुदीप तिवारी मौके पर पहुंचे। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
मनीष ओझा ने कहा कि छात्र लंबे समय से छात्रसंघ बहाली की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रशासन इसे नजरअंदाज कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर यदि छात्रसंघ बहाल नहीं किया गया तो वे आत्मदाह को विवश होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। नदी में घुसकर प्रदर्शन करने वालाें में सत्यम गोस्वामी, अतुल तिवारी, मानवेंद्र यादव, श्रीओम तिवारी, आदित्य पासवान आदि शामिल रहे।