बड़हलगंज में बुधवार देर रात हुई वारदात, दो आरोपियों के खिलाफ केस
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र में बुधवार रात केस में समझौता करने के लिए पांच लाख रुपये की मांग का विरोध करना शिवचंद को महंगा पड़ गया। आरोप है कि रकम देने से इन्कार करने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने शिवचंद पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने शिवचंद की तहरीर पर अनुराग उर्फ अन्नू यादव और शैलेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बड़हलगंज थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 जलेश्वर नगर मोहल्ला निवासी शिवचंद यादव ने बताया कि 22 अक्तूबर की रात करीब 12 बजे वे अपने दरवाजे पर बैठे थे। उसी दौरान मोहल्ले के ही अनुराग उर्फ अन्नू यादव और शैलेश यादव वहां पहुंचे और उनके खिलाफ मारपीट में दर्ज केस में समझौता करने के एवज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
शिवचंद ने बताया कि इतनी बड़ी रकम सुनकर वे चौंक गए और साफ शब्दों में रुपये देने से मना कर दिया। इस पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वे मौके पर ही गिर पड़े। किसी तरह उन्होंने अपने मोबाइल से 112 नंबर पुलिस सेवा पर कॉल कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अनुराग उर्फ अन्नू यादव और शैलेश यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।