खजनी थाना के नंदापार की घटना, रुद्रपुर का रहने वाला था त्रिवेणी शंकर उर्फ भुरभुर
उनवल। खजनी के नंदापार मोड़ पर स्थित ईंट-भट्ठे के तालाब के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला। पहचान रुद्रपुर निवासी त्रिवेणी शंकर उर्फ भुरभुर (30) के रूप में हुई। इधर, युवक के चचेरे भाइयों ने जमीन के विवाद में त्रिवेणी की हत्या कर शव फेंकने का आरोप सिकरीगंज के एक युवक पर लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, त्रिवेणी चालक था और गुजरात में रहकर वाहन चलाता था। आरोप है कि तीन वर्ष से वह नंदापार की रहने वाली एक महिला के साथ रह रहा था। कोर्ट मैरिज भी कर लिया था। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के चचेरे भाई सुधीर तिवारी उर्फ गुड्डू और राहुल त्रिपाठी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सिकरीगंज के एक युवक ने त्रिवेणी के हिस्से की पैतृक जमीन की रजिस्ट्री करा ली थी, उसे पूरे रुपये भी नहीं दिए थे। मांगने पर फोन पर उसे धमकी देता था। आरोप लगाया कि ऐसे में मौका पाकर उसकी हत्या कर शव फेंक दिया है।
एसपी अपराध सुधीर जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर हत्या का कोई साक्ष्य नहीं मिला है। युवक चारपाई पर पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले। पूछताछ में नशे का आदि होने की बात भी सामने आई है। खजनी पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।