प्रदर्शन और दृश्य कलाओं को मिलेगा नया आयाम, छात्रों और शिक्षकों के लिए नई संभावनाओं के खुलेंगे द्वार
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय (आईकेएसवी), खैरागढ़ छत्तीसगढ़ के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुआ है। अकादमिक एवं सांस्कृतिक उत्कृष्टता की दिशा में सहयोग एवं नवाचार को सशक्त बनाने के लिए शैक्षणिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) शुक्रवार को हुआ।
समझौते पर गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन और आईकेएसवी की कुलपति प्रो. लवली शर्मा के नेतृत्व में हस्ताक्षर किया गया। इसके तहत दोनों संस्थान प्रदर्शन कला, दृश्य कला, भाषाई और सांस्कृतिक अध्ययन, नाट्य, सिनेमा और टेलीविजन, छात्र और शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रम, पाठ्यक्रम और कार्यक्रमों का संयुक्त विकास, कला के विभिन्न रूपों में अनुसंधान और नवाचार और समावेशी अध्ययन के क्षेत्रों में एक दूसरे का सहयोग करेंगे।
बता दें कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय एशिया का प्रमुख कला विश्वविद्यालय है, जो संगीत, नृत्य, ललित कला, नाट्य और साहित्य के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान करता है। यह विश्वविद्यालय नैक से मान्यता प्राप्त है।
वर्जन
समझौते के माध्यम से भारतीय कलाओं की विरासत को समकालीन शिक्षा प्रणाली के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी अकादमिक दृष्टि के साथ सांस्कृतिक समृद्धि के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। छात्रों और शिक्षकों के लिए नई संभावनाओं के द्वार भी खुलेंगे।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति