समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। समर्थ पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 नवंबर निर्धारित है। इससे पहले 12 की शाम से ही सर्वर डाउन चल रहा है।
इसके कारण कुल पंजीकृत 2.65 लाख विद्यार्थियों में से करीब 65 हजार विद्यार्थी अब भी पंजीकृत नहीं हो सके हैं। डीडीयू प्रशासन फिर तिथि विस्तारित करने पर विचार कर रहा है। परीक्षाएं भी अब 25 की बजाय 28 नवंबर से हो सकती हैं।
शासन के निर्देशानुसार डीडीयू और कॉलेजों के सभी विद्यार्थियों को केंद्र सरकार के पोर्टल ‘समर्थ’ पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। डीडीयू में इसे लेकर लंबे समय से कवायद चल रही है। हाल के दिनों में कई बार तिथि भी विस्तारित की गई लेकिन अलग-अलग वजहों से यह समस्या बनी हुई है। इसे लेकर बुधवार को भी छात्र-छात्राओं से लेकर कॉलेजों के कर्मचारी तक परेशान दिखे।
28 नवंबर से परीक्षा के लिए तैयार हो रहा टाइम-टेबल
सूत्रों के मुताबिक विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 28 नवंबर से कराने की तैयारी है। उसी हिसाब से समय-सारिणी तैयार की जा रही है। राजभवन से पटेल जयंती पर आयोजित कार्यक्रम 25 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 26 और 27 को भी कई कार्यक्रम हैं। इसे देखते हुए 28 नवंबर से परीक्षाएं शुरू होंगी।
कॉलेजों की मांग थी कि कौन-कौन बच्चे पंजीकृत हो गए हैं, ये कॉलेज देख सकें। यह सुविधा आज शुरू कर दी गई। कल पंजीकरण में और तेजी आएगी। परीक्षा की समय-सारिणी तैयार की जा रही है। एक-दो दिन में समय-सारिणी जारी कर दी जाएगी:
प्रो. पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू