छात्रावास में अब एक ही मेस होगा संचालित, वाटर कूलर को भी किया गया दुरुस्त
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में संचालित दो मेस में से एक को बंद कर दिया गया है। संचालक को तत्काल प्रभारी से हटा दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कदम छात्राओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया है। अब छात्रावास में केवल एक ही मेस संचालित किया जाएगा।
डीडीयू के रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में मंगलवार को छात्रावास की एक छात्रा खाना खाने गई। खाने के बीच में देखा कि चावल में कीड़ा है। उसने वहां मौजूद अन्य छात्राओं और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। छात्राओं की शिकायत के बाद बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की और जांच के बाद एक मेस को बंद करा दिया। साथ ही संचालक अजय सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। इसके साथ ही छात्रावास में लगे वाटर कूलर की सफाई कराकर दुरुस्त कराया गया। बीते कुछ समय से वाटर कूलर की गंदगी को लेकर छात्राएं शिकायत कर रही थीं। कई छात्राओं ने बताया कि पानी में गंदगी के कारण पीने योग्य नहीं था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं को आश्वस्त किया है कि छात्रावास की सभी मूलभूत सुविधाओं की समय-समय पर निगरानी की जाएगी। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
-
मेस संचालक की लगातार शिकायत मिलने के बाद हटा दिया गया है। अब एक ही मेस चलेगा। अब सभी छात्राएं एक ही मेस में खाना खाएंगी। छात्राओं की सेहत का विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- प्रो. ऊषा सिंह, वार्डन, रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास