गोरखपुर। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाली के लिए भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेताओं ने शुक्रवार को भी प्रदर्शन जारी रखा। छात्र लगातार चौथे दिन धरने पर बैठे रहे। इस दौरान एहतियात के तौर पर दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी छात्रों का चेकअप किया।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्रनेता प्रतीक तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन यह न समझे कि उनके अनदेखी से वह डर जाएंगे। प्रतीक ने कहा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रतिनिधियों के न आने से यह साबित होता है कि प्रशासन छात्र हितों के लिए कितना गंभीर है। छात्रनेता सत्यम गोस्वामी ने कहा कि विवि प्रशासन इस बात से डरा हुआ है कि अगर छात्रसंघ चुनाव हो जाएगा तो छात्रहितों पर डाका डालने वालों पर प्रतिबंध लग जाएगा। इस दौरान सतीश प्रजापति, अभिषेक यादव, विख्यात भट्ट, निखिल तिवारी आदि मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। वहीं, एहतियात के तौर पर प्राॅक्टोरियल बोर्ड के सदस्य व पुलिस दिन भर कैंपस में घूमते रहे।