आठ घंटे बिजली कटौती से परेशान रहे छात्र-शिक्षक व कर्मचारी
आवासों और छात्रावासों में तीन-चार दिन से है पानी आपूर्ति की समस्या
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बिजली-पानी का संकट फिर से गहरा गया है। स्थिति यह है कि पिछले तीन-चार दिन से पूरे फ्लो के साथ पानी नहीं आ रहा। कई बार टोटी से एकदम काला पानी आ रहा है। पुरुष छात्रावासों से लेकर हीरापुरी कॉलोनी तक में यह दिक्कत आ रही है। मंगलवार को आठ घंटे की बिजली कटौती ने स्थिति को हाहाकारी बना दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बिजली कटी थी। दोपहर करीब एक बजे बिजली ठीक हो सकी। इस दौरान कैंपस से लेकर आवासों और छात्रावासों तक में बिजली-पानी तक को छात्र-शिक्षक और कर्मचारी तरस गए। सुबह मोहद्दीपुर में फॉल्ट होने के कारण दस बजे तक बिजली खराब रही। उसके बाद पता चला कि कैंपस में भी फॉल्ट है। काफी कोशिशों के बाद दोपहर एक बजे बिजली व्यवस्था बहाल हुई। हालांकि शाम तक कई जगहों पर पानी का संकट बना रहा।
...
लो वोल्टेज से जल आपूर्ति की समस्या
गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने के कारण लो वोल्टेज की समस्या आ रही है। इसका असर जलापूर्ति पर पड़ रहा है। लो वोल्टेज की समस्या से छात्रावासों में पंखे अपनी स्पीड से नहीं चल रहे हैं।
...
गंदे पानी की भी आ रही शिकायतें
हीरापुरी कॉलोनी में बार-बार गंदा पानी आने की भी शिकायतें आ रही हैं। शनिवार और रविवार को करीब सभी घरों में टोटी के जरिये गंदा पानी पहुंचा था। उसके बाद शिकायत की गई। शिक्षकों व कर्मचारियों ने बताया कि अभी भी कभी-कभी टोटी से गंदा पानी आ रहा है। बताते हैं कि पुरानी पाइपलाइन खराब हो जाने के कारण यह दिक्कत आ रही है।
....
कृषि फार्म के पास दौड़ा करंट
मंगलवार को दोपहर में हीरापुरी कॉलोनी स्थित कृषि फार्म के किनारे बनी ग्रिल में करंट दौड़ने लगा। इसकी जानकारी होने पर बिजलीकर्मी वहां पहुंचे। वहां तार टूटने से यह दिक्कत हुई थी। उसे ठीक कर लिया गया है। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
..
वर्जन-
पानी की समस्या को काफी हद तक ठीक कर लिया गया है। दो-तीन दिन पहले गंदा पानी आने की समस्या आई थी, उसे इंजीनियरिंग सेक्शन ने ठीक कर लिया है। पानी नहीं पहुंचने का कारण बिजली कटौती है।
- प्रो. शांतनु रस्तोगी, प्रति कुलपति, डीडीयू