दिन में रेकी कर रात को दिया वारदात को अंजाम, चोरी गए माल बरामद
गोरखपुर। झंगहा पुलिस ने रामपुर निवासी डॉ. विश्व पंकज के घर 12 लाख की चोरी करने वाले तीन दिहाड़ी मजदूरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने दिन में रेकी कर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी गए नकदी समेत 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात आदि बरामद की है।
एसएसपी राज करन नय्यर ने बताया कि डॉ़ विश्व पंकज एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। बीते 20 जून को उनका परिवार शहर के बाहर गया हुआ था, जबकि वह अस्पताल में मौजूद थे। इस बीच देर रात मकान का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए चोरों ने नकदी समेत 12 लाख रुपये कीमत के जेवरात चुरा लिया। पीड़ित ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को खोराबार से गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान खोराबार मदरहवा निवासी आर्यन कन्नौजिया, रानीडीहा निवासी प्रियांशु श्रीवास्तव व सरदारनगर के रौतनिया बाबू निवासी रविंद्र पासवान के रूप में हुई है। आरोपी मामला शांत होने के बाद चोरी का माल बेचने की फिराक में थे।
पहली ही चोरी में पकड़े गए युवक
पुलिस ने पकड़े गए युवकों से जब अलग-अलग पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि तीनों एक साथ दिहाड़ी मजदूरी करते थे। घर की माली हालत भी ठीक नहीं थी। इसलिए उन्होंने एक साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत ही उन्होंने डॉक्टर के मकान की रेकी की। इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के माल को तीन हिस्सों में बांट लिया था।
कोट
आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरा माल बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं।
राज करन नय्यर, एसएसपी