दुश्वारियों के बीच सफर करने को मजबूर हो रहे यात्री
रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के लिए शुरू की हैं ट्रेन
गोरखपुर। होली मनाने दिल्ली, मुंबई, बंगलुरु समेत बड़े शहरों से आए लोग होली के बाद अब काम पर लौटने लगे हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। दिल्ली और मुंबई की ट्रेनों में लोगों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। गोरखधाम, वैशाली, बिहार संपर्कक्रांति, सत्याग्रह आदि ट्रेनों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे में लोगों को दुश्वारियों के बीच सफर करना पड़ रहा है।
गोरखपुर मंडल के लोग बड़ी संख्या में होली पर घर आए थे। अब वे वापस लौटने लगे हैं। रविवार की दोपहर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर गोरखधाम एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्लेटफार्म पर लोगों के पैर रखने तक की जगह नहीं थी। जैसे ही ट्रेन के प्लेटफार्म पर आई, लोगों का हुजूम ट्रेन की ओर दौड़ पड़ा। ट्रेन के दरवाजों से लोग ट्रेन के अंदर घुसने के लिए जद्दोजहद करते हुए नजर आए। जो लोग दरवाजों से ट्रेन में प्रवेश नहीं कर पा रहे थे, वह लोग स्लीपर और जनरल कोच की आपातकालीन खिड़कियों से ट्रेन के अंदर घुसते हुए दिखाई दिए। करीब आधे घंटे तक पूरे प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी का माहौल नजर आया। इस बीच आरपीएफ के जवान में यात्रियों को ट्रेन के भीतर प्रवेश कराने में जुटे रहे। इसी तरह महिला कोच में चढ़ने के लिए महिलाएं जद्दोजहद करती हुईं दिखाई दीं।
दिल्ली जाने के लिए गोरखधाम पकड़ने पहुंचे सुनील ने बताया कि एक माह पहले टिकट की बुकिंग कराई थी, लेकिन टिकट कंफर्म नहीं हुआ। जिसके बाद सोचा की जनरल से चला जाउंगा। लेकिन, जब ट्रेन पकड़ने पहुंचा तो भीड़ देखकर वापस लौट रहा हूं। अब बस से दिल्ली जाउंगा। मनीष ने बताया कि टिकट तो कंफर्म हो गया है, लेकिन लग नहीं रहा कि मुझे बर्थ मिल पाएगी। अपनी सीट पर ही बैठकर ही दिल्ली चला जाऊं यही बहुत है।
ट्राईसाइकिल को कोच में चढ़वाया : प्लेटफार्म नंबर नौ पर इतनी भीड़ थी कि लोगाें को पैदल तक चलना मुश्किल था। ऐसे में एक व्यक्ति जिसका पैर टूटा था, वहीं ट्राईसाइकिल की मदद से प्लेटफार्म पर पहुंचा। इस बीच उसे कोच तक पहुंचने का रास्ता नहीं मिल रहा था, जिसके बाद आरपीएफ के जवानों ने लोगों की मदद से उसे कोच में चढ़वाया।
.............
वैशाली में भी दिखी भारी भीड़
गोरखधाम जैसी भीड़ वैशाली में भी नजर आई। वैशाली शाम 4:50 बजे प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेन के रुकते ही बड़ी संख्या में लोग ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद करते हुए दिखाई दिए। इस ट्रेन में लोगों शौचालय के बाहर और कोच के गेट पर बैठकर सफर करते हुए नजर आए। ऐसा ही हाल मुजफ्फरपुर और दरभंगा होते हुए गोरखपर के रास्ते दिल्ली व मुंबई जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में देखने को मिला।
..........
प्लेटफार्म नंबर नौ पर मिली लावारिस बच्ची
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर रविवार की शाम चार बजे लावारिस हाल बच्ची मिली। उसे रोते देखकर आरपीएफ जवानों ने चुप कराया। उस समय प्लेटफार्म पर गोरखधाम एक्सप्रेस खड़ी थी। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमरनाथ बच्ची को लेकर जनरल कोच से एसी तक परिजनों की तलाश करते रहे। लेकिन, बच्ची के परिजनों का कुछ पता नहीं चला। बच्ची ने अपना नाम पूजा बताया। वह कक्षा दो में पढ़ती है। उसने पिता का नाम भगवत और माता किसमती बताया। पता पूछने पर बच्ची ने बताया कि वह मंगलपुरा बाजार टोला की रहने वाली है। उसने अपने आसपास का प्रसिद्ध क्षेत्र पिपराइच बताया है। काफी तलाश के बाद जब बच्ची के परिजन नहीं मिले तो आरपीएफ ने बच्ची को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।
.....................
रोडवेज की बसों में भी बढ़ी यात्रियों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। होली का पर्व समाप्त होते ही लोग अपने काम पर लौटने लगे हैं, जिससे रेलवे बस स्टेशन और कचहरी बस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, परिवहन निगम द्वारा पर्याप्त बसों की व्यवस्था की गई थी, जिससे यात्रियों को आसानी से सीटें मिल जा रही हैं।
सबसे अधिक भीड़ दिल्ली जाने वाले यात्रियों की हो रही है। रविवार को रेलवे बस स्टेशन पर भीड़ सामान्य रही, लेकिन आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है। परिवहन निगम इसे लेकर पूरी तरह से सतर्क है और बसों की संख्या बढ़ाने पर विचार कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ बस स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में प्राइवेट बस का संचालन कराने वाले लोग घूम रहे हैं, जो यात्रियों को लालच देकर उन्हें कम पैसों और कम समय में दिल्ली पहुंंचाने का दवा कर रहे हैं। यहां से वह यात्रियों को लेकर नौसढ़ स्थित पेट्रोल पंप जा रहे हैं और वहां से उन्हें दिल्ली के लिए रवाना कर रहे हैं।