पीड़ित ने आरोपी दंपती के खिलाफ सहजनवां थाने में दर्ज कराया केस
सहजनवां। थानाक्षेत्र के भरोहिया में दंपती ने फर्जी दस्तावेज के सहारे चिंतामणि मिश्रा की जमीन बेच दी और भाग गए। पीड़ित ने आरोपी चिंतामणि, उसकी पत्नी पिंकी मिश्रा और एक अज्ञात के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने और षड़यंत्र करने का केस दर्ज कराया है।
भरोहिया निवासी चिंतामणि मिश्रा ने बताया कि उनके गांव के बगल में पैतृक भूमि है। भाई की मौत के बाद आधी संपत्ति भाई की पत्नी और बच्चों और आधी उनके नाम से दर्ज हो गई थी। बीते 12 जून को स्थानीय लेखपाल उनकी निजी भूमि की पैमाइश करने पहुंचे। जानकारी पर वह मौके पर पहुंचकर विरोध किया तो वहां मौजूद एक शख्स ने भूमि खरीदने की बात कही। जब उन्होंने शख्स को बताया कि उन्होंने किसी को जमीन नहीं बेची तो उसके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने जमीन बेचने वाले का फोटो दिखाया। पता चला कि दंपती ने उनका आधार कार्ड बदलकर जमीन बेच दिया। थाने में सुनवाई न होने पर उन्होेंने एसएसपी से गुहार लगाई। इसके बाद सहजनवां पुलिस ने आरोपी चिंतामणि, उसकी पत्नी पिंकी मिश्रा और एक अज्ञात के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर जालसाजी करने और षड़यंत्र करने का केस दर्ज कर जांच शुरू की।