ट्रेन से मुंबई जा रहे दंपती से लूट की कोशिश का मामला
पति की गुहार पर गोरखनाथ थाने की पुलिस ने आरोपी सिपाही को किया था गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र में लूट की कोशिश के मामले में सिपाही के डर से पश्चिम बंगाल के दंपती बयान देने नहीं आए। पुलिस ने कई बार संपर्क किया, लेकिन अब वे बात करने से भी कतरा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के चौरा मनिहारी गांव निवासी आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को आरोपी बनाते हुए चार्जशीट तैयार कर अभियोजन कार्यालय भेज दिया है। जहां से बहुत जल्द चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कराई जाएगी।
गोरखनाथ पुलिस ने तीन फरवरी को आरोपी सिपाही अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। सिपाही के पास से फर्जी आधार कार्ड और बाइक पर गलत नंबर प्लेट लगा मिला था। इसके बाद सिपाही के केस में अपहरण, लूट के साथ ही धोखाधड़ी की धारा भी बढ़ाई गई थी। बता दें कि आरोपी सिपाही फिलहाल जेल में है।
फोन पर पीड़ित पति सौरभ विश्वास ने बताया कि अब वह गोरखपुर दोबारा नहीं आना चाहता है। उस घटना का यादकर आज भी डर लगता है। पत्नी भी डरी हुई है। आरोपी सिपाही लूट करता, इससे पहले पुलिस पहुंच गई थी। बताया कि हमलोग प्रतिदिन मजदूरी कर कमाते हैं। सोचा था कि बाहर रहकर कुछ दिन पैसे कमाकर गांव लौट जाउंगा। इससे पहले ही सिपाही की हरकत से इतना डर गए कि अब घर छोड़कर कहीं बाहर जाना नहीं चाहते हैं। पुलिस की सक्रियता की वजह से आरोपी से छुटकारा मिल सका है। फिर उसका सामना नहीं करना चाहते हैं।
ये थी पूरी घटना
पश्चिम बंगाल राज्य के नादिया जिले के धामतल्ला थाना क्षेत्र के सुलवा गेट निवासी सौरभ विश्वास ने तहरीर देकर तीन फरवरी को केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बिहार में काम करते थे। लेकिन, अब मुंबई में काम करने के लिए पत्नी के साथ निकले थे। दो फरवरी की रात 10 बजे बिहार से बस से गोरखपुर आए। इसके बाद रेलवे स्टेशन के 09 नंबर प्लेटफाॅर्म से मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। इसी दौरान रात 10:30 बजे पुलिस की वर्दी पहने एक युवक आया और बोला कि तुम चोरी किए हो और भाग रहे हो। मना करने पर जांच के बहाने ट्रेन से उतारकर दंपती को बाइक पर बैठा लिया। कुछ दूर जाकर पति को गोरखनाथ थाने के सामने उतार दिया। बोला कि किसी से मिलना मत थाने में जाओ, अभी तुम्हारी पत्नी को महिला थाने छोड़कर आ रहा हूं। इस बात पर पति को संदेह हुआ तो वह अंदर जाकर पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। फिर थाने के पास के ही कैमरे से उसकी पहचान कर पुलिस खोजते हुए स्पोर्ट्स कॉलेज के पास पहुंची तो वहां महिला रोती हुई मिली और सिपाही भाग गया। सीसीटीवी कैमरे से सिपाही की पहचान कर गोरखनाथ क्षेत्र से ही आरोपी सिपाही को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था।
कोट-
आरोपी सिपाही के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर अभियोजन कार्यालय भेजा गया है। उसके पास से फर्जी आधार कार्ड और गाड़ी पर फेक नंबर प्लेट लगा मिला था। साक्ष्य के रूप में दोनों चीजें रिकॉर्ड रूम में रखी गई है। आरोपी के खिलाफ पैरवी कर उसे सजा दिलाई जाएगी।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी