करीब एक हजार फ्लैट का काम हो चुका है पूरा
गोरखपुर। जीडीए की महत्वाकांक्षी खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी आवासीय परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। करीब एक हजार फ्लैट का काम लगभग पूरा हो चुका है। जनवरी तक फ्लैट आवंटियों को सौंप दिए जाएंगे। जीडीए अधिकारियों के अनुसार, मिनी एमआईजी का एक टावर नवंबर तक पूरा हो जाएगा। वहीं, एलआईजी और ईडब्लूएस के दो-दो टावरों का निर्माण कार्य जनवरी तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद आवंटियों को कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
वर्ष 2023 में शुरू की गई परियोजना के तहत कुल 2020 फ्लैट का आवंटन पहले ही किया जा चुका है। इनमें थ्री बीएचके वाले एमआईजी के 560, टू बीएचके वाले मिनी एमआईजी के 420, वन बीएचके वाले एलआईजी के 480 और वन बीएचके वाले ईडब्लूएस के 560 फ्लैट शामिल हैं। एमआईजी के एक टावर का स्ट्रक्चर नौवें फ्लोर तक तैयार हो चुका है और जून 2026 तक शेष पांच फ्लोर का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि खोराबार टाउनशिप आवासीय परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अगले तीन माह में एलआईजी और ईडब्लूएस के चार टावर तैयार हो जाएंगे। मिनी एमआईजी का एक टावर नवंबर में ही पूरा हो जाएगा। एमआईजी के निर्माण में थोड़ा समय लगेगा लेकिन जून 2026 तक इसे भी तैयार कर लिया जाएगा।