गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बंद पड़े बीच वाले फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की जगह नए ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा। स्टेशन के पुनरोद्धार में सबसे पहले एफओबी का निर्माण कराया जाएगा। इसकी नई डिजाइन को मंजूरी मिल गई है।
नया एफओबी रेल लाइनों के बीच बिना पिलर (खंभा) के तैयार होगा। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर छह मीटर चौड़ा एफओबी बनाने का निर्णय लिया है। छह माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। नया फुट ओवरब्रिज वर्तमान ब्रिज से 12 मीटर पश्चिम में बनाया जाएगा।
स्टेशन पर बीच वाला फुट ओवरब्रिज करीब एक साल से बंद है। यह ब्रिज जर्जर होने के चलते बंद किया गया था। बीच में इसकी मरम्मत पर भी विचार हुआ था, लेकिन बाद में यह निर्णय लिया गया कि पहले इसका ही निर्माण कराया जाएगा। नया एफओबी चालू होने के बाद पुराने एफओबी को तोड़ा जाएगा। इसी तरह बारी-बारी से तीनों एफओबी का निर्माण कराया जाएगा।
-
कोट..
प्लेटफार्म नंबर एक पर बंद पड़े बीच वाले फुट ओवरब्रिज की जगह नए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसकी डिजाइन को मंजूरी मिल गई है।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे