हुमायुंपुर दक्षिणी दुर्गाबाड़ी निवासी अष्टभुजा चंद्र ने खाद्य सुरक्षा विभाग में की शिकायत
गोरखपुर। होली में मिलावटी मिठाई खाकर बीमार हुए लोग अब दुकानदारों की शिकायत करने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के दफ्तर पहुंचा। अफसरों ने इसे गंभीरता से लिया और दोपहर बाद उस दुकान से गुलाब जामुन के सैंपल लिए। दुकान में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर दुकानदार को नोटिस भी जारी किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मिलावट की बात कहने पर दुकानदार ने उसके साथ मारपीट भी की।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को आर्यनगर स्थित एक दुकान से गुलाब जामुन का नमूना लिया। इस दुकान के खिलाफ हुमायुंपुर दक्षिणी दुर्गाबाड़ी निवासी अष्टभुजा चंद्र ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत की थी। उनका आरोप था कि दुकानदार खराब गुलाब जामुन बेच रहा है। शिकायतकर्ता ने इस दुकान से एक किलो गुलाब जामुन खरीदा था। खाने के बाद उसे उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया। शिकायत करने पर दुकानदार ने उसके साथ मारपीट भी की।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई होगी। दुकान में सफाई की कमी होने पर नोटिस जारी किया गया है।