देवरिया बाईपास तिराहा पर हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में छात्रा की मौत हो गई। मोहद्दीपुर निवासी रानू साहनी (21) गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय जा रही थी, तभी देवरिया बाईपास तिराहा के पास पीछे से आ रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में रानू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में रानू के पिता राजेश की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
पिता राजेश साहनी ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी बेटी कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। देवरिया बाईपास तिराहे पर पहुंचते ही पीछे से रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। राहगीरों की मदद से रानू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष रामगढ़ताल नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश जारी है और हादसे की जांच की जा रही है।