दिया भरोसा, हत्या में शामिल पशु तस्करों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपक गुप्ता के परिजनों से मुलाकात की। सीएम ने परिजनों को पांच लाख चेक दिया और उन्हें भरोसा दिया कि उनके रहते परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि दीपक की हत्या में शामिल बदमाशों को बख्शा नहीं जाएगा। सबके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बीते दिनों पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल छत्रधारी गांव के महुआ चाफी टोले में पशु तस्करों ने छात्र दीपक गुप्ता की हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। ग्रामीणों की पिटाई से घायल एक आरोपी की मौत हो गई है।
मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी दीपक के परिजनों के संपर्क में लगातार बने हुए थे। इस बीच गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह दीपक गुप्ता के पिता दुर्गेश गुप्ता, मां और अन्य परिजनों से गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में मुलाकात की।
उन्होंने दीपक की मौत पर संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाते हुए परिजनों को आत्मीय संबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह दीपक के परिवार साथ खड़े हैं। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह भी मौजूद रहे।