राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम कराएगा विभिन्न कार्य
गोरखपुर। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और शहर की हवा को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम 71.53 करोड़ रुपये खर्च करेगा। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत इन कार्यों का शिलान्यास जल्द ही सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य डस्ट मैनेजमेंट, ग्रीन कवर, सड़क सुदृढ़ीकरण और पर्यावरणीय संरचनाओं का विकास है।
गोरखपुर नॉन-अटेनमेंट सिटी में शामिल है। ऐसे शहरों में प्रदूषण स्तर को चरणबद्ध तरीके से कम करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम इन परियोजनाओं पर अमल करने की तैयारी में है। कुछ कार्यों के टेंडर पूरे हो चुके हैं जबकि कुछ री-टेंडर प्रक्रिया में हैं। लच्छीपुर (नौरंगाबाद) में डस्ट मैनेजमेंट के लिए सड़क सुधार पर 0.53 करोड़, जंगल सिकरी में गलियों के सड़क कार्य पर 2.85, सिधारीपुर तिराहा से पुल के नीचे तक एंड-टू-एंड पेविंग 3.23, एकला बांध डंपिंग ग्राउंड पर पाथवे, शेड, कैंटीन व सुंदरीकरण 2.27, राजेंद्र नगर मोड़ से बरगदवा तक ग्रीन बेल्ट 0.88, रामजानकी नगर चौराहा से स्पोर्ट्स कॉलेज रोड तक सड़क सुधार 3.51, नौसड़ से एकला बंधा (रामदास तक) सड़क चौड़ीकरण व मजबूतीकरण पर 8.35, इकोलॉजिकल पार्क का विकास व पर्यावरणीय जागरूकता पर 49.91 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से उड़ती धूल पर नियंत्रण के लिए सड़क पेविंग की जाएगी। साथ ही ग्रीन बेल्ट और इकोलॉजिकल पार्क हरियाली को बढ़ावा देंगे। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि यह पहल न केवल प्रदूषण घटाने में मदद करेगी बल्कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं का भी लाभ दिलाएगी।