जेब्रा क्रासिंग, डिवाइडरों काे रंगा जा रहा है, बनाए जा रहे हैं महाकुंभ के चित्र
गोरखपुर। शुक्रवार से शुरू हो रहे गोरखपुर महोत्सव और इसके बाद खिचड़ी मेला से पहले शहर की सड़कों को साफ, सुंदर और सुरक्षित बनाने का प्रयास चल रहा है। लोक निर्माण विभाग ने सभी डिवाइडरों और जेब्रा क्रासिंग की रंगाई का निर्देश दिया है। इसके अलावा सड़क के किनारे की दीवारों पर आयोजन से संबंधित चित्र पर भी बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस बार खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव और प्रयागराज महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया था कि आयोजन की झलक चौराहें, सड़कों पर भी दिखनी चाहिए। इसके बाद कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि मेला वाले रास्तों पर डिवाइडरों की पट्टियों और जेब्रा क्रासिंग की रंगाई, जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट व सिग्नल लाइट को ठीक कराने, अवैध कट को बंद कराने और खतरनाक मोड़ पर पीली लाइट लगाने पर सहमति बनी थी।
अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि जो भी कार्य यातायात पुलिस की तरफ से बताए गए हैं, वे सभी शुरू करा दिए गए हैं। 10 तारीख तक सभी जेब्रा क्रासिंग व डिवाइडर को पेंट करा दिया जाएगा। अवैध कट बंद कराए जा रहे हैं। सफाई व रंगाई पुताई का कार्य जिन विभागों को कराना है, वे पूरा करा रहे हैं।