रेलवे बोर्ड ने मंजूरी देते हुए ट्रेन का समय और नंबर भी बदला
गोरखपुर। छपरा से गोरखपुर होते हुए अमृतसर जाने वाली छपरा-अमृतसर स्पेशल ट्रेन अब नियमित रूप से चलेगी। रेलवे बोर्ड ने पूर्वोत्तर रेलवे के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन का समय और ट्रेन नंबर भी बदल जाएगा। दो महीने तक ये ट्रेन स्पेशल के रूप में ही चलेगी। इसके बाद यह नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाई जाएगी।
रेलवे बोर्ड के निदेशक कोचिंग संजय आर नीलम ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी करने के साथ ही ट्रेन चलाने के लिए शेड्यूल भी जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन 15135/15136 नंबर से चलेगी। वर्तमान में इसका संचलन 05049/05050 नंबर से हो रहा है। नई समय सारिणी के अनुसार, 15135 छपरा-अमृतसर एक्सप्रेस छपरा से सुबह 10:15 बजे चलेगी और गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे चलकर कर अगले दिन 1:50 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 15136 अमृतसर-छपरा एक्सप्रेस अमृतसर से शाम 5:50 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 6:20 बजे गोरखपुर होकर रात 11:55 बजे छपरा पहुंचेगी।
रेल प्रशासन के मुताबिक, दो महीने के बाद अग्रिम आरक्षण तारीख खुलने के बाद इस ट्रेन का स्थाई रूप से संचलन शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन के एक्सप्रेस हो जाने से यात्रियों का किराया भी कम हो जाएगा।