कमिश्नर ने निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की समीक्षा में दिए निर्देश
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क के निर्माण में बन रहे नालों की गहराई को अभी से जांच लें ताकि नाला निर्माण के बाद आसपास की कालोनियों में कहीं भी जलभराव की स्थिति न आने पाए। कमिश्नर ने विरासत गलियारा, असुरन-पिपराइच सड़क चौड़ीकरण में जमीनों की बची हुई रजिस्ट्री को जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया।
कमिश्नर बृहस्पतिवार को आयुक्त सभागार में जिले की 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन व सौंदर्यीकरण परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। कमिश्नर ने कहा कि एचएन सिंह से गोरखनाथ मंदिर तक टू लेन सड़क और नाला निर्माण के दौरान सड़क पर पानी आ-जा रहा है। इसे तत्काल जांच लें और व्यवस्था करें कि सड़क पर पानी न लगने न पाए वरना सड़क खराब हो जाएगी। कमिश्नर ने भटहट बांसस्थान, देवरिया बाईपास निर्माण को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। कमिश्नर अनिल ढींगरा ने अन्नपूर्णा भवन निर्माण को गुणवत्तापूर्ण समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर डीएम दीपक मीणा, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।