गोरखपुर। मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 10.85 लाख रुपये ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर एम्स पुलिस ने पिता-पुत्र समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी व जालसाजी का केस दर्ज किया है। पुलिस मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
महादेव झारखंडी टुकड़ा-2 के आदर्शनगर निवासी अजीत कुमार ने प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा रोहित कुमार भारती इंटरमीडिएट व आईटीआई उत्तीर्ण है। वह मर्चेंट नेवी में नौकरी करना चाहता था। इसकी जानकारी होने पर नंदानगर, सैनिक कुंज निवासी बलवंत शर्मा ने पूणे की संस्था में प्रवेश दिलाकर उसी में प्लेसमेंट दिलाने की बात की। इसके लिए उसने 16 जुलाई 2019 से 25 सितंबर 2019 के बीच अलग-अलग तारीखों में 10,85,250 रुपये ले लिए। बाद में वह प्रमाण पत्र दिलाने में हिलाहवाली करने लगे। संदेह होने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने अलग-अलग राशि का चेक दिया जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गया।
इसकी शिकायत पुलिस से किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर एम्स पुलिस आरोपी नंदानगर, सैनिक कुंज निवासी बलवंत शर्मा उसके पिता रामध्यान शर्मा, पत्नी ज्योति शर्मा, रजत सिंह और रजत सिंह और निमिष भगवान विश्वकर्मा के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और जानमाल की धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।