महावीर छपरा (गोरखपुर)। बेलीपार थाने के मड़वरियां कुआं चौकी के समीप एक गोदाम में संचालित नकली सीमेंट बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई है। लखनऊ एसटीएफ ने बुधवार की देर शाम फैक्टरी में छापा मारा। गोदाम में मौजूद 400 बोरी सीमेंट, अल्ट्राटेक व डालमिया कंपनी की 350 खाली बोरियाें के अलावा तौल मशीन, बोरी सिलने वाली मशीन के साथ कई अन्य सामग्री जब्त की गई है।
एसटीएफ ने गोदाम मालिक अभिषेक शुक्ला व दो मजदूरों के खिलाफ केस दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। संबंधित कंपनियों के अफसरों को भी इस बरामदगी की सूचना दी गई है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मड़वरिया कुआं चौकी के समीप एक गोदाम में नकली सीमेंट बनाने की फैक्टरी काफी दिनों से चल रही है।
इस फैक्टरी में कंडम सीमेंट मंगाकर उसे अल्ट्राटेक व डालमिया कंपनी की बोरियों में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। जहां यह फैक्टरी संचालित थी, वहां से महज 250 मीटर दूरी पर पुलिस चौकी भी है। एसटीएफ की टीम ने बुधवार शाम को गोदाम में छापा मारकर सीमेंट की बोरियों के साथ खाली बोरियां, सीमेंट बनाने की सामग्री और पैकिंग करने के मैटेरियल बरामद कर बेलीपार थाने को सुपुर्द कर दिया।
अल्ट्राटेक व डालमिया कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर जांच के लिए बुलाया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों कंपनियों के अफसर थाने पहुंचेंगे। लखनऊ एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर चंद्रप्रकाश मिश्रा ने बताया कि सीमेंट, पैकिंग मैटेरियल, कांटा आदि बरामद कर आवश्यक कार्य की जा रही है। फैक्टरी मालिक समेत तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।