उरूवा बाजार। यूको बैंक शाहपुर में शिकायतकर्ताओं की लगातार बढ़ रही शिकायतों में अब पुराने मामले भी आने लगे हैं। कुरावल की मेवाती देवी ने ब्रांच मैनेजर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि विश्वास में लेकर हेड कैशियर और उसके भाई ने खाते से 2022 से 2024 के बीच में कई बार फर्जी तरीके से एक लाख आठ हजार रुपये निकाल लिए।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के सहारे पैसा निकालने वाला हेड कैशियर मोहम्मद कलीम और उसका भाई शमीम मास्टरमाइंड रहा है। उसने महिलाओं और अंगूठे के निशान से पैसा निकालने वालों को अपना शिकार बनाया है। जो लोग उस पर आंख बंदकर विश्वास करके अपना पासबुक उसके पास प्रिंट करवाने के नाम पर रख देते थे उन्हीं के खाते से पैसे निकाले गए। हालांकि, जांचकर्ता फर्जी दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस पर एक्सपर्ट की राय ली जाएगी।