हरपुर बुदहट/उनवल। अलग-अलग सड़क हादसों में हुई महिला समेत दो मौत के मामलों में पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज किया। एक मामला हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र का है, जहां बोलेरो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई थी। जबकि दूसरा मामला खजनी थाने के उनवल चौकी क्षेत्र का है, जहां स्कूल वैन की चपेट में आने से एक शिक्षक की जान चली गई थी।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के चांदपार-देवरिया मार्ग पर बीते 29 अक्तूबर को सड़क हादसे में रामपुर गड़थौली निवासी रूपा देवी (56) की मौत हो गई थी। वह अपने एसएसबी जवान बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। पांच दिन बाद सोमवार को मृतका के पति सुरेश गौतम की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। थानाप्रभारी विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
वहीं दूसरा मामला खजनी थाने की उनवल पुलिस चौकी क्षेत्र का है। एक नवंबर की दोपहर भिउरी गांव के पेट्रोल पंप के पास एक मिक्सर मशीन से टकराकर सड़क पर गिए कुशीनगर के अहिरौली निवासी शिक्षक बिहारी को पीछे से आ रही स्कूल वैन ने रौंद दिया था। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। चार दिन बाद सोमवार को मृतक के पुत्र विकास कुमार सुबोध की तहरीर पर खजनी पुलिस ने वैन चालक ग्राम भिउरी निवासी रणविजय मौर्य के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि स्कूल वैन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि हार्ड मिक्सर मशीन को भी शीघ्र जब्त किया जाएगा।