बड़हलगंज में सूदखोरों से तंग आकर सब्जी विक्रेता की खुदकुशी का मामला
खुदकुशी से पहले वीडियो बनाकर दो आरोपियों का लिया था नाम, पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
बड़हलगंज (गोरखपुर)। सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले अजय तिवारी की पत्नी अनुराधा तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। फरसाड़ गांव के सत्यप्रकाश राय और सर्वेश राय के खिलाफ बृहस्पतिवार को खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर दोनों को पुलिस ने क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
अनुराधा तिवारी ने तहरीर देकर बताया है कि पति अजय साऊंखोर में सब्जी की दुकान चलाते थे। फरसाड़ के सत्य प्रकाश व सर्वेश राय से व्यापार और परिवार के खर्च के लिए ब्याज पर रुपये लिए थे। छोटी सी दुकान चलाकर दोनों को पति ब्याज देते रहे, लेकिन सूदखोर सूद बढ़ाते चले गए।
आरोप लगाया कि बार-बार दुकान पर जाकर दोनों आरोपी धमकी देते और जो भी पैसा वहां रहता था, उसे गल्ले से निकाल ले जाते थे। दोनों आरोपियों की प्रताड़ना से तंग आकर इधर तीन दिन से पति दुकान नहीं खोल रहे थे। घर के अंदर ही अकेले खामोश बैठे रहते थे।
18 मार्च को जेठ राकेश तिवारी से दोनों आरोपी मिले तो धमकी देते हुए कहा-तुम्हारा भाई अजय तिवारी मर गया क्या। उसी दिन पति को जब यह बात पता चली तो अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर खुदकुशी कर ली। दोनों आरोपियों को इसका जिम्मेदार ठहराया है।
तीन बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
सूदखोरों से परेशान अजय तिवारी की मौत के बाद उनके दो नाबालिग पुत्रियों अंशु व अंजली और एक पुत्र आयुष के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी अनुराधा बच्चों की परवरिश को लेकर काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि उनके पति अजय की कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण हो रहा था। घटना से मर्माहत पूर्व प्रधान गिरिजेश तिवारी, अभिषेक तिवारी, अरविंद तिवारी, मुन्ना, उमेश, राजू तिवारी ने कहा कि सूदखोरों की जाल में काफी लोग फंसे हैं।
वर्जन
सुबह तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है। जांच कर अधिक से अधिक साक्ष्य एकत्रित कर आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
- जितेंद्र कुमार तोमर, एसपी साउथ