क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की तरफ से की गई थी शिकायत
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के भटनीपार नेवाइजपार गांव निवासी एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने कूटरचित तरीके से दो पासपोर्ट बनवा लिए थे। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की तरफ से शिकायत की गई। जांच में मामला सही मिलने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
उपनिरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी लखनऊ ने 27 जनवरी को प्राप्त आख्या के बाबत पासपोर्ट आवेदक भटनीपार नेवाइजपार निवासी उपेंद्र नाथ यादव पर एक से ज्यादा पासपोर्ट बनाए जाने के संबंध में दाखिल आरोप पत्र की जानकारी दी। इसकी जांच उप निरीक्षक कर रहे थे। एक पासपोर्ट उपेंद्र नाथ यादव पुत्र उमाशंकर सिंह यादव निवासी भटनीपार, नेवाइजपार के नाम से बना पाया गया। वहीं दूसरा पासपोर्ट उपेंद्र यादव पुत्र उमाशंकर यादव निवासी भगवानपुर मांझा बेलवा, थाना एकौना, जनपद देवरिया के पते पर बना था। आवेदक ने अपने व पिता के नाम में आंशिक परिवर्तन कर दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया था।