बेलीपार थाने में सहायक विकास अधिकारी ने तहरीर देकर केस दर्ज कराया
बेलीपार। थाने में ग्राम प्रधान के खिलाफ पीएम और सीएम पर अभद्र भाषा का प्रयोग, सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में मंगलवार को केस दर्ज किया गया है। कौड़ीराम विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) अशोक कुमार सिंह ने बेलीपार प्रधान संगम यादव के खिलाफ तहरीर दी थी।
विकास अधिकारी ने तहरीर देकर बताया कि प्रधानमंत्री आवास सर्वे का कार्य चल रहा है। ग्राम पंचायत बेलीपार में सोमवार को सर्वे कार्य करने के लिए गए थे। इसी दौरान पता चला कि कृषि विभाग की जमीन पर प्रधान अवैध कब्जा करके गिट्टी बालू का व्यवसाय कर रहे हैं। इसी बीच वहां प्रधान आ गए। अवैध कब्जे का कारण पूछा तो प्रधान ने नाराज होकर गाली देने लगे और पीएम और सीएम के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।