वारदात के बाद अभिषेक के बड़े भाई के पास आरोपी पति ने 30 हजार में बाइक रखी गिरवी
20 हजार पत्नी के खाते में डाला, 10 हजार रुपये लेकर घूमने की बात कहकर निकला था मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी की लोकेशन मिली, पुलिस की दो टीमें हुई रवाना, आज हो सकती है गिरफ्तारी
गोरखपुर। अभिषेक हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले तथ्य पता चले। पकड़े गए आरोपियों पवन कुमार और विजय ने बताया कि आरोपी पति ने अभिषेक को शराब पार्टी के बहाने बुलाया था। नशे में धुत होने के बाद सभी ने बाइक पर बैठाकर उसे पेवनपुर गांव ले गए और चाकू से कई वार कर हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद मौके से भाग निकले थे। बारदात के बाद आरोपी पति ने अभिषेक के बड़े भाई करन के पास 30 हजार रुपये में हत्या में प्रयुक्त बाइक गिरवी रख दी।
इसमें से 20 हजार रुपये उसने अपनी पत्नी के खाते में डाल दिया। इसके बाद 10 हजार रुपये लेकर बाहर जाने की बात कहकर निकल गया था। पुलिस ने अभिषेक के भाई के पास से बाइक भी बरामद कर ली है।
नेपाल के पास मिली मुख्य आरोपी की लोकेशन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ सर्विलांस की टीम को भी लगाया गया है। आरोपी की आखिरी लोकेशन नेपाल बॉर्डर के पास मिली है। इसके बाद पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना हो गई हैं। गिरफ्तारी के बाद मामले की पूरी छानबीन और सभी वित्तीय और आपराधिक कनेक्शन की जांच की जाएगी।
पहले फास्टफूड ठेके पर की नशेबाजी
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि चारों ने पहले नौसड़ स्थित ठेले पर जमकर नशेबाजी की। इसके बाद अभिषेक को पेवनपुर गांव में अय्याशी के लिए जाने की बात कहकर राजी किया। साजिश के तहत ही दोनों कर्मचारी उसे लेकर पेवनपुर गांव के पास खेत में पहुंचे। जहां मुख्य आरोपी से नशेबाजी में पत्नी के संबंधों की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। हत्या के बाद मुख्य आरोपी ने अभिषेक का मोबाइल भी अपने साथ ले गया।