गोरखपुर। चिलुआताल इलाके में कपड़ा व्यापारी अनिल गुप्ता (35) की हत्या के बाद दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बुधवार की देर रात तक कई स्थानों पर पुलिस ने छापा मारा, पूछताछ की लेकिन कोई कामयाबी हासिल नहीं हुई। मंगलवार रात गोरखनाथ क्षेत्र के जिस घर में बर्थडे पार्टी चल रही थी, उसमें शामिल दोस्तों में से ही किसी दोस्त ने अनिल की हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस दोस्तों के बीच ही कातिल की तलाश कर रही है।
बरगदवां में अनिल गुप्ता की मां विंध्यवासिनी रेडीमेड शॉप नाम से दुकान है। मंगलवार को अनिल दुकान बंदकर बगल में ही काम करने वाले घोषीपुरवा के एक युवक के साथ पीछे गाड़ी पर बैठकर जाते हुए आखिरी बार देखे गए थे। सीसीटीवी कैमरे से उस युवक की पहचान कर पुलिस उसके घर पहुंची। घरवालों ने बताया कि मंगलवार से ही युवक घर नहीं आया है। इसके बाद से उस युवक की तलाश में पुलिस टीम लग गई है। पुलिस ने कई जगहों से सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं। इसमें अनिल के साथ कुछ लोग दिख रहे हैं, उनकी पहचान के लिए मृतक के परिजनों को भी थाने बुलाया गया है। पुलिस का मानना है कि किसी धारदार चाकू से गर्दन रेती गई है। अनिल के गर्दन पर काफी अंदर तक घाव पाया गया है। हत्या की योजना पहले बनाकर की गई है।
मॉडल शॉप पर दोस्तों के साथ दिखे अनिल
सूत्रों की माने तो पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज लगी है। इसमें गोरखनाथ इलाके के राजेंद्रनगर में स्थित एक मॉडल शॉप के बाहर पांच-छह दोस्तों के साथ अनिल भी दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि गोरखनाथ क्षेत्र में एक घर में देर रात तक पार्टी का दौर चला है। आशंका जताई जा रही है कि इसी पार्टी में ही हत्या की योजना बनाकर घर जाते समय सूनसान जगह देखकर अनिल की हत्या की गई है। गोरखनाथ इलाके से अनिल किसी के साथ गाड़ी पर बैठकर निकले हैं। गाड़ी और उसे चलाने वाले को भी पुलिस ने ट्रेस कर लिया है।
घर से दो सौ मीटर दूर मिला अनिल का शव
नकहा नंबर एक यादव टोला निवासी कपड़ा व्यापारी अनिल गुप्ता (35) का शव बुधवार सुबह घर से दो सौ मीटर दूर सड़क किनारे नाले में मिला। घरवालों ने पहुंचकर शव की पहचान की। वह मंगलवार को गोरखनाथ इलाके में किसी के घर बर्थडे पार्टी में गए थे। रात लगभग दस बजे के करीब अनिल गुप्ता ने मां इंद्रावती को फोन पर दावत के बाद घर आने की जानकारी दी थी। इसके बाद कुशीनगर पडरौना मायके गई पत्नी जूही को कॉल कर पार्टी में शामिल किसी व्यक्ति से बात कराई थी। रात में 11.22 बजे उसकी भतीजे से बातचीत हुई और 15 मिनट में आने की बात कही थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। बुधवार को अनिल को अपने ससुराल पडरौना में छठ मनाने जाना था।
-
वर्जन-
घटना की जांच चल रही है। आरोपियों की पहचान हो गई है। पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए लगी हैं। बहुत जल्द इस घटना में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी नार्थ