बिहार से श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी बस, सहजनवां में देर रात 02:30 बजे हुआ हादसा
सीएचसी पर प्राथमिक इलाज कर घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया
सहजनवां (गोरखपुर)। श्रद्धालुओं को लेकर महाकुंभ प्रयागराज जा रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस सरैया फोरलेन कट पर सोमवार देर रात को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बिहार से श्रद्धालुओं को ला रही बस ने पीछे से डीसीएम में टक्कर मार दी। डीसीएम सड़क के किनारे पलट गया और बस में बैठे 13 यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल सहजनवां सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 9 यात्रियों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। दोनोें गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सरैया फोरलेन कट पर सोमवार की देर रात करीब 2,30 बजे दुर्घटना के बाद बस यात्री घबड़ाकर चीखने-चिल्लाने लगे। यात्री अपनी जान बचाने के चक्कर में एक-दूसरे के ऊपर गिर जा रहे थे। शोर सुनकर अगल-बगल के लोगों ने यात्रियों को बस से निकलना शुरू किया। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस पटना से यात्रियों को लेकर प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए चली थी।
महिला का फंस गया था पैर, जाम हो गया रास्ता
बस में चालक के पीछे की सीट पर बैठी एक महिला रिंकी का पैर फंस गया था। जिसको निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान अफरा-तफरी के कारण रास्ता भी जाम हो गया। घायलों में बिहार की रिंकी (31), मीरा देवी (65), सत्येंद्र सिंह (72), राम प्रीत, प्रदीप (63), राधा बासु (62), अनिल कुमार (50), अजीत कुमार सिंह (75), कृष्णकांत (40), कृति, राजलक्ष्मी (35), किरण कुमारी (27) का नाम शामिल है। इनमें से किरण, राज लक्ष्मी, प्रीति, रणजीत, अजीत, प्रदीप, सतेंद्र कुमार, मीना देवी, रिंकी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गाजीपुर के चालक ने बोला अचानक लगा झटका
गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद का निवासी डीसीएम चालक यूसुफ ने बताया कि मिर्जापुर से हरा मटर लेकर सिद्धार्थनगर के नौगढ़ मंडी जा रहा था। जैसे ही सरैया फोरलेन कट पर जीरो प्वाइंट की तरफ जाने के लिए गाड़ी मोड़े वैसे ही पीछे से बस ने तेज टक्कर मार दी और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। बस का आगे का भाग क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं डीसीएम का भी नुकसान हुआ है।