डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जालसाजों के बिछाए जाल में बसपा नेता नवल किशोर नथानी फंस गए और ट्रेडिंग के चक्कर में 40.41 लाख रुपये गंवा दिए। बसपा नेता ने साइबर थाने में अज्ञात पर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोतवाली इलाके के पुर्दिलपुर निवासी व्यापारी नवल किशोर नथानी गोरखपुर से बसपा के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं। बसपा नेता ने बृहस्पतिवार को तहरीर देकर बताया कि व्हाट्सएप पर अभिषेक कुमार एके कैपिटल का मैसेज आया।
वह उनसे शेयर मार्केट के लाभ से संबंधित चैटिंग करने लगा। फिर उसने एक व्हाट्सएप ग्रुप का लिंक भेजा, जिसमें उनके एक परिचित भी जुड़े थे। उसने उन्हें भी ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा। वह ग्रुप में जुड़ गए तो उनका यूके इंडिया फास्ट ट्रेडिंग नाम का अकाउंट खोला गया।
बसपा नेता ने बताया कि फिर एक लिंक भेजकर उनसे स्टॉक मार्केट का एक एप डाउनलोड कराया गया। शेयर खरीदने के लिए रुपये भेजने के लिए एक खाता नंबर भी दिया गया। इसमें 20 दिसंबर से लगायत 14 फरवरी तक 11 बार में 40 लाख 41 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद खाते में ग्रोथ दिखने पर जब रुपये निकालने लगा तो 27 लाख की मांग की गई। इसके बाद ठगी का अहसास हुआ।