गुलरिहा थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस कर रही जांच
गुलरिहा। क्षेत्र के एक गांव में देवर-भाभी के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक नवविवाहित महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद उसके देवर ने दूध में नशीली दवा मिलाकर उससे जबरन संबंध बनाए। पीड़िता की शिकायत पर गुलरिहा पुलिस ने पति, देवर समेत ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले की युवती की शादी वर्ष 2022 में गुलरिहा क्षेत्र के युवक से हुई थी। शुरू में सब कुछ ठीक रहा लेकिन छह माह बाद ससुरालियों का रवैया बदल गया। आरोप है कि पति के बाहर जाने पर देवर दूध में नशीली दवा मिलाकर महिला को पिलाता और उसके साथ जबरन संबंध बनाता था। जब महिला ने पति से शिकायत की तो उसने उल्टे उसकी ही पिटाई कर दी। इसके बाद पीड़िता मायके पहुंची। वहां से परिजनों के साथ गुलरिहा थाने पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के निर्देश पर गुलरिहा पुलिस ने ससुर, सास, पति और देवर के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।