योगिराज गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ कार्यक्रम
राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगेंगे चार हजार पुलिसकर्मी
गोरखपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने शहर में आएंगी। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में पुलिसकर्मी और सुरक्षा एजेंसियों की ब्रीफिंग हुई। इसमें सुरक्षा से संबंधित निर्देश दिए गए। रविवार को फ्लीट का रिहर्सल करने के बाद डी-ब्रीफिंग कर कमियों को दूर किया जाएगा।
एम्स के दीक्षांत समारोह व आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण में आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को डीआईजी डॉ. एस चन्नपा, एसएसपी राज करन नय्यर ने पुलिसकर्मियों व सुरक्षा एजेंसियों के साथ ब्रीफिंग की। उन्हें निर्देश दिए गए कि सुरक्षा में कहीं भी चूक नहीं होनी चाहिए। बताया गया कि रूट में किन चीजों का ध्यान रखें। रविवार को फ्लीट का रिहर्सल कर खामियों को देखा जाएगा। इसके बाद डी-ब्रीफिंग कर उन्हें दूर करने के उपाय किए जाएंगे। अधिकारियों ने जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी की प्रभावी योजना बनाई है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल से लेकर सर्किट हाउस तक करीब पांच किलोमीटर का दायरा नो फ्लाइंग जोन घोषित किया जाएगा। इस दौरान ड्रोन, पतंग, गुब्बारे उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा।
राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय होगी। पहले घेरे में पुलिस और अर्ध सैनिक बल के जवान, दूसरे घेरे में एटीएस कमांडो सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात होंगे। जबकि, तीसरा घेरा राष्ट्रपति की सुरक्षा टीम का होगा। कार्यक्रम को देखते हुए केंद्रीय व स्थानीय खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में करीब चार हजार पुलिसकर्मी, पीएसी व अर्धसैनिक बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।