बांसगांव। माल्हनपार मार्ग पर बुधवार रात अनियंत्रित बोलेरो ने आगे चल रही ऑटो में टक्कर मार दिया। इसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच महिला और तीन पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार शादी का रिश्ता देखने गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढखवा बाजार से जायसवाल परिवार शादी के सिलसिले में कौड़ीराम गया था। देर शाम परिवार ऑटो से घर जा रहा था। बांसगांव-माल्हनपार मार्ग पर बैदेही भवन के पास ऑटो पहुंचा ही था कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। इसमें अजय जायसवाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कपिल साहनी, अशोक, पलक, माधुरी, खुशी, राधा, राजकुमार और मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उधर, घटना के बाद बोलेरो लेकर भाग रहा चालक कुछ दूर आगे पिकअप से भिड़ गया। इसके बाद बोलेरो और पिकअप को मौके पर छोड़कर दोनों के चालक फरार हो गए। बांसगांव पुलिस ने दोनों गाड़ी को कब्जे मेें लेकर मालिक समेत चालक की तलाश कर रही है।