डॉ अनुज सरकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम कृष्णा करुणेश को ज्ञापन देते एमएलसी देवें
गोरखपुर। सिपाही पंकज को न्याय दिलाने के लिए भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को डीएम कृष्णा करुणेश को पत्रक दिया। वहीं बसपा ने डॉक्टर पर कार्रवाई करने के लिए प्रदर्शन कर एसएसपी को पत्र सौंपा। डीएम और एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं सिपाही की जमानत के मामले में बुधवार को कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार को कोर्ट ने सिपाही की केस हिस्ट्री नहीं आने की वजह से अगली तारीख सुनवाई के लिए दी थी।
भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने डीएम कृष्णा करुणेश का पत्रक देकर बताया कि डा. अनुज सरकारी पर कोई हमला नहीं हुआ है। उन्हें कोई चोट भी नहीं लगी है।अपने आपराधिक कृत्य को छिपाने के लिए वह झूठा आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने बिना जांच किए ही संतकबीरनगर जिले के रहने वाले निलंबित सिपाही के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया, जबकि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में साफ दिख रहा है कि डाक्टर व हास्पिटल के कर्मचारी घेरकर सिपाही और पीआरवी के जवानों काे पीट रहे हैं।जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।
बसपा जिलाध्यक्ष ऋषिकपूर व वरिष्ठ नेता ओमनारायण पांडेय दोपहर 12 बजे पार्टी के नेताओं संग पुलिस कार्यालय पहुंचे। डाॅ. अनुज सरकारी पर कार्रवाई करने व सिपाही के परिवार को न्याय देने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने के साथ ही एसएसपी को ज्ञापन दिया। शाम को नागरिक समाज संघर्ष समिति के अध्यक्ष रामप्रताप राम की अगुवाई में सदस्यों ने पंत पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक न्याय यात्रा निकाली। पंकज कुमार के परिवार को न्याय देने के साथ ही डाॅ. अनुज व पिटाई में शामिल पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।