भोपाल से आई जांच रिपोर्ट, चिड़ियाघर से भेजे गए 42 सैंपल निगेटिव
26 मई को चिड़ियाघर प्रशासन ने राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल को भेजे थे सैंपल
गोरखपुर। बर्ड फ्लू से वन्यजीवों की मौत के बीच राहत भरी खबर है। चिड़ियाघर में एच-5 एन-1 इंफ्लुएंजा वायरस से संक्रमित बाघिन मैलानी, तेंदुए के दो शावक और हिमालयन गिद्ध सहित अन्य वन्यजीवों के 42 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल से शुक्रवार को रिपोर्ट आने के बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने राहत महसूस की।
शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में बाघिन शक्ति की मौत के मामले में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। 12 मई को भोपाल से रिपोर्ट आई थी। 13 मई से ही चिड़ियाघर दर्शकों के लिए बंद चल रहा है। प्राणि उद्यान ने दूसरे वन्यजीवों के सैंपल जांच के लिए राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल भेजे थे। 23 मई काे आई रिपोर्ट में बाघिन मैलानी, तेंदुए के दो शावक, हिमालयन गिद्ध और कॉकाटील में संक्रमण की पुष्टि हुई। इन्हें आइसोलेट कर इलाज किया जा रहा है। इसके बाद संक्रमित जानवरों सहित दूसरे वन्यजीवों के 42 सैंपल 26 मई को जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे। शुक्रवार को सभी सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, छह जून को चिड़ियाघर प्रशासन ने 35 सैंपल भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट का अभी इंतजार है। यदि इनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आती है तो चिड़ियाघर दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।
पांच वन्यजीवों की हो चुकी है मौत
चिड़ियाघर में डेढ़ माह के अंदर पांच जानवरों की मौत हो चुकी है। 30 मार्च को पीलीभीत से रेस्क्यू कर लाए गए बाघ केसरी की मौत सबसे पहले हुई थी। इसके बाद पांच मई को मादा भेड़िया भैरवी, सात को बाघिन शक्ति और आठ मई को तेंदुआ मोना की मौत हुई थी। 23 मई को एक कॉकाटील की मौत भी हो गई थी।
वर्जन...
प्राणि उद्यान से 42 सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए थे। इनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। छह जून को भेजे गए 35 सैंपल की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। प्राणि उद्यान में सभी वन्यजीव स्वस्थ हैं। संक्रमित वन्यजीव भी रिकवर कर रहे हैं। दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने पर प्राणि उद्यान दर्शकों के लिए खोलने पर निर्णय होगा।
- विकास यादव, निदेशक, चिड़ियाघर