गोरखपुर। गुलरिहा इलाके में हटवा टोला के आगे रेहरवा मंदिर के पास सोमवार देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये छीन लिया और धमकाते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इसमें शामिल तीनों बदमाशों को मंगलवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ चल रही है। गुलरिहा इलाके में ही कुछ दिन पहले एक महिला से छिनैती हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया था।
जंगल एकला नंबर दो विचला टोला निवासी सुनील निषाद के साथ छिनैती की यह घटना हुई है। सुनील ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि वह 11 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे काम करके मोटरसाइकिल से अपने गांव से लौट रहे थे। साथ में गांव के ही कमलेश निषाद पुत्र वीरहा निषाद भी थे। वह हटवा टोला के आगे रेहरवा मंदिर के बीच पहुंचे थे कि एक बाइक से आए तीन बदमाश झोला छीन कर फरार हो गए। झोले में 40 हजार रुपया था। पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही थी।