खजनी थाने में दर्ज हुआ केस, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
गोरखपुर, कुशीनगर व जौनपुर में गिरवा लिया है गिट्टी व डस्ट
गोरखपुर। खजनी क्षेत्र के सिविल कंस्ट्रक्शन व सप्लायर का काम करने वाले व्यक्ति से 33.28 लाख रुपये की गिट्टी व डस्ट गिरवा कर जालसाज ने रुपये नहीं दिए। जानकारी होने पर पीड़ित ने एसपी दक्षिणी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उनके आदेश पर खजनी पुलिस ने आरोपी व्यक्ति व फर्म पर केस दर्ज किया है।
खजनी थाना क्षेत्र के छताई गांव के मूल निवासी विष्णु पाल सिंह परिवार के साथ एम्स थाना क्षेत्र के वीर बहादुरपुरम में रहते हैं। वह सिविल कंस्ट्रक्शन और सप्लायर का काम करते हैं। नौ जनवरी को उनके मोबाइल फोन पर जेबी ट्रेडिंग कंपनी का प्रोपराइटर बनकर विजय गोयल नामक व्यक्ति ने काॅल किया। बताया कि उसकी कंपनी द्वारा बिल्डिंग मैटेरियल सप्लाई का काम कराया जाता है। गोरखपुर, कुशीनगर व जौनपुर के मड़ियाहूं में मोरंग, गिट्टी व डस्ट की जरूरत है। विश्वास जीतने के लिए बताया कि डंवरपार चारपानी में पशु मेडिकल काॅलेज, कुशीनगर में बन रहे कृषि विश्वविद्यालय और जौनपुर के मड़ियाहूं में हो रहे निर्माण के लिए सामान गिरवाया जा रहा है। कहा कि सामान गिरवा दीजिए। एक सप्ताह के अंदर सारा भुगतान कर देंगे।
झांसे में आकर पीड़ित ने 33 लाख 28 हजार 315 रुपये का सामान भेज दिया, लेकिन महीनों बाद भी भुगतान नहीं मिला। आरोपी उन्हें तरह-तरह से झांसा देता रहा है। बताया कि कुछ लोगों के खाते में रुपये भेज दिए हैं, उनसे ले लीजिए। उसने एक पेट्रोल पंप के खाते में रुपये भेजने की बात कही। पेट्रोल पंप मालिक ने मांगने पर भी खाते के डिटेल नहीं दिए। पीड़ित का कहना है कि कई बार फोन करने के बाद मुझे जानकारी दी गई कि किसी अन्य फर्म के बिल-बाउचर से इसका भुगतान करा लिया गया है। महीनों तक परेशान होने के बाद उसे धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
इस संबंध में एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार के निर्देश पर खजनी पुलिस ने विजय गोयल जेबी ट्रेडिंग कंपनी लखनऊ के विरुद्ध धोखाधड़ी व रुपये गबन करने का केस दर्ज कर लिया है।