प्रधान शैलेंद्र ने ग्रामसभा की 17 डिसमिल सरकारी जमीन का भेजा था प्रस्ताव
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में एक और चौकी खुलेगी। भगवानपुर के ग्राम प्रधान शैलेंद्र सिंह ने 17 डिसमिल जमीन चिह्नित कर प्रशासन को प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृत कर लिया गया है। उम्मीद है कि दो दिन में तहसील प्रशासन जमीन पुलिस विभाग को स्थानांतरित कर देगी। इसके बाद चौकी का निर्माण कार्य शुरु होगा।
खजनी थाना क्षेत्र में आने वाला एक बड़ा हिस्सा थाने और चौकी क्षेत्र से दूर पड़ता है। ऐसे में इन क्षेत्रों में अपराध या दुर्घटना होने पर खजनी पुलिस को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं गीडा की औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के कारण इस क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता भी बढ़ाने की जरूरत है। खजनी थाने से करीब 14 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह क्षेत्र खजनी थाने के महुआडाबर चौकी से भी दूर है। ऐसे में भगवानपुर गांव में चौकी बनने से छपियां पशु बाजार, मत्स्य पालन केंद्र, लिंक एक्सप्रेस-वे का जीरो प्वाइंट, पेप्सिको इंडिया कंपनी तथा भीटी खोरिया, भगवानपुर गांव आदि के सुरक्षा की जिम्मेदारी इस चौकी के अधीन होगी। इस संबंध में एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि खजनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर में नई चौकी बननी है। इसके लिए जमीन चिह्नित है। तहसील प्रशासन से जमीन का स्थानांतरण होने के बाद निर्माण कार्य शुरु होगा।