सहारा एस्टेट के पास 6.82 करोड़ से बनेगी नई जेट्टी
जीडीए ने फर्म का चयन कर जारी किया वर्क ऑर्डर
गोरखपुर। रामगढ़ताल में सहारा एस्टेट के पास 6.82 करोड़ रुपये की लागत से एक नई जेट्टी बनेगी। इसके लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने स्वीकृति दे दी है। फर्म को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। निर्माण कार्य 22 जुलाई से शुरू होकर 21 जुलाई 2026 के बीच पूरा करना होगा।
नई जेट्टी स्मार्ट व्हील शोरूम से सहारा एस्टेट तक प्रस्तावित फोरलेन रिंग रोड पर सहारा एस्टेट की ओर 1558 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार की जाएगी। प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि बोट जेट्टी में तीन प्लेटफॉर्म, पर्यटकों के बैठने के लिए केनोपी, स्टील की रेलिंग और मुख्य सड़क से जेट्टी तक आरसीसी पुल भी बनाया जाएगा।
यह जेट्टी बोटिंग प्रेमियों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। फिलहाल रामगढ़ताल में नौकायन के लिए एक ही जेट्टी है। चयनित फर्म को वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। जुलाई 2026 तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे न सिर्फ मनोरंजन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।