गोरखधाम समेत कई ट्रेनें लेट, भटिंडा से गोरखधाम 2:15 घंटे देरी से चल रही
सिवान-देवरिया सदर, बरेली-मुरादाबाद के बीच काम चलने के कारण कई ट्रेनें लेट
गोरखपुर। सिवान-देवरिया, बरेली-मुरादाबाद समेत कई रेल खंडों में चल रहे कार्यों के चलते ट्रेनों के देर होने का सिलसिला जारी है। सोमवार को अमरनाथ एक्सप्रेस स्टेशन से 55 मिनट देरी से रवाना हुई। इसके अलावा गोरखपुर-बरहनी पैसेंजर दो घंटे की देरी से जंक्शन से चली। वहीं गोरखधाम एक्सप्रेस भटिंडा से 2:15 मिनट देरी से गोरखपुर के लिए रवाना हुई।
रेलवे के अलग-अलग खंडों में कई काम चल रहे हैं। इसके चलते लंबी दूरी की ट्रेनें लेट (देर) हो रही हैं। रविवार को गोरखधाम एक्सप्रेस रविवार स्टेशन से 1:14 मिनट देरी से रवाना हुई थी। वहीं अमरनाथ एक्सप्रेस दोपहर 1:40 बजे प्लेटफाॅर्म नंबर नौ से चलती है, जो सोमवार को 2:34 बजे पहुंची और 3:15 बजे रवाना हुई। शाम चार बजे इस प्लेटफाॅर्म से गोरखधाम चलती है। सोमवार को प्लेटफाॅर्म पर भीड़ के चलते जनरल कोच में यात्रियों के बैठने को लेकर मशक्कत होती रही है।
ये ट्रेनें देर से पहुंची रेलवे स्टेशन
बिहार संपर्क क्रांति सिवान-देवरिया के बीच एक घंटा रुकी रही। इससे गोरखपुर 1:25 घंटे देर से पहुंची। शहीद एक्सप्रेस अमृतसर से तीन घंटे देरी से चली और गोरखपुर पांच घंटे देरी से पहुंची। इसी तरह डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस को बरेली-मुरादाबाद के बीच एक से डेढ़ घंटा रोका गया। इस कारण यहां देरी से पहुंची। वहीं मौर्या एक्सप्रेस, बापूधाम को सिवान, देवरिया सदर के बीच रोका गया। अवध एक्सप्रेस एक घंटे, गोरखपुर इंटरसिटी दो घंटे, आनंद विहार गरीब रथ तीन घंटे, लालकुआं स्पेशल दो घंटे, बरहनी-गोरखपुर चार घंटे, मौर्या एक्सप्रेस दो घंटे देरी से गोरखपुर जंक्शन पहुंची।
गर्मी से यात्रियों को झेलनी पड़ रही परेशानी
भीषण गर्मी में स्लीपर और जनरल कोच के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ट्रेन के देर होने से उनकी मुसीबत और बढ़ जा रही है। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन चलने के दौरान बाहर से गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही है। रुकने के दौरान पंखे की हवा भी लोगों को ठंडक नहीं दे रही है। गर्मी के कारण बच्चे अधिक परेशान हो रहे हैं।