एम्स थाना क्षेत्र का मामला, महिला की तहरीर पर पांच के खिलाफ केस दर्ज
महिला ने ससुरालियों पर मारपीट कर घर से निकालने का लगाया आरोप
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र में शादी के तीन दिन बाद ही रेलकर्मी द्वारा पत्नी को चुड़ैल बोलकर चेहरे पर थूकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज में कार नहीं मिलने पर पति सहित ससुराल पक्ष ने महिला को प्रताड़ित किया है। महिला की तहरीर पर पति, सास-ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एम्स क्षेत्र की महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 26 अप्रैल 2024 को चौरी चौरा क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। पहले ससुराल वाले गोरखनाथ मंदिर में देखने आए थे। पति, ससुर और अन्य लोगों ने पसंद किया तब सगाई हुई। शादी में पिता ने लड़के पक्ष को 9,00,000 रुपये, सोने की ज्वेलरी और घरेलू सामान दिए थे। महिला ने आरोप लगाया कि शादी के दूसरे दिन ससुराल पहुंची तो तीन दिन बाद ही पति ने ताना मारना शुरू कर दिया। आरोपी कहता था कि मैं रेलवे में नौकरी करता हूं, मुझे दहेज में कार नहीं दी गई, तुम मुझसे तलाक ले लो। आरोपी ने शादी के तीसरे दिन ही कहा कि तुम्हारी सूरत अच्छी नहीं है और चुड़ैल बोलते हुए चेहरे पर ही थूक दिया। बार-बार दूसरी शादी करने की धमकी देने लगा।
महिला ने बताया कि सास-ससुर से शिकायत के बाद भी पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि ससुराल पक्ष के सभी लोग मिलकर महिला को मारने-पीटने लगे। 15 मार्च को पति ने कहा कि तुम्हारे पिता ने मुझे ठग लिया है। चुड़ैल से शक्ल वाली से शादी करा दी और दहेज में कार भी नहीं दिया। यही कहकर पति ने पीटना शुरू कर दिया। 31 मार्च को पति समेत पूरे ससुराल वाले मुझे पीटकर घर से बाहर निकालने लगे। जब मेरे पिता को जानकारी हुई। तब वह ससुराल आकर मुझे घर ले गए। एम्स थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।