बड़हलगंज। मुक्तिपथ रोड की रहने वाली एक महिला ने पति का अपहरण कर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर खेत की जमीन का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। मामले में चार लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर कोतवाली में दी है।
भानमती देवी पत्नी हरिनारायण यादव ने पुलिस को बताया कि पति मानसिक रूप से विक्षप्ति हैं। उन्हें पारिवारिक व सामाजिक जिम्मेदारियों का ज्ञान नहीं है। वह नशे के भी आदी हैं। इसी स्वभाव का लाभ उठाकर चार लोगों ने पति का अपहरण कर नशीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बिना किसी भुगतान के मौजा रामपुर पाण्डेय की खेती की जमीन का बैनामा करा लिया। पीड़िता का कहना है कि उसके पति गायब हैं। उसने पति को मुक्त कराने के साथ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के पहले ही महिला को उसके पति का आधार कार्ड दिलवा दिया गया था। फिर कैसे आधार कार्ड पति के पास पहुंच गया। इसकी जांच की जा रही है।