कुशीनगर के अहिरौली निवासी युवक की पत्नी ने लगाया था फंदा, पिपराइच सीएचसी पर लेकर गए थे
सूचना पर पहुंची पिपराइच पुलिस ने डेढ़ घंटे में शव ढूंढ निकाला, परिजनों ने नहीं कराया पोस्टमार्टम
पिपराइच। कस्बे के सीएचसी पर शनिवार को कुशीनगर के अहिरौली स्थित एक घर में खुदकुशी करने वाली महिला के शव को लेकर परिजन पहुंचे। वहां पर स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो परिजन शव लेकर भाग गए। रोकने के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों से हाथापाई भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डेढ़ घंटे में शव और परिवार वालों खोज निकाला। लेकिन महिला के मायके वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
पिपराइच सीएचसी के डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया है कि कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम खोट्ठा उत्तर टोला निवासी मनोज कुमार सिंह की पत्नी प्रीति सिंह (26) को लेकर परिजन शाम के समय आए। गले पर दाग था, इससे अनुमान लगाया गया कि फंदा लगाकर खुदकुशी की गई है। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का नाम सुनते ही परिजन शव को लेकर जाने लगे। उन्हें पुलिस आने तक रुकने के लिए कहा गया, लेकिन परिवार के साथ आए 10 से 12 लोग स्वास्थ्य कर्मियों से हाथापाई कर शव को कार में रखकर भाग गए। इधर, महिला के मायके के लोगों ने बताया कि तीन माह पहले शादी हुई थी। हमलोग पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।