गोरखपुर। नगर निगम की ओर से शहर के 15 प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो के मद्देनजर प्राथमिकता से महात्मा गाधी चौक का सुंदरीकरण कर नगर निगम की ब्रांडिंग भी की गई। चौराहों के सुंदरीकरण से निगम को करीब 58 लाख रुपये की आय भी होगी।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि स्वामी विवेकानंद चौक (छात्रसंघ चौक), चंद्रशेखर आजाद चौक, सिविल लाइन में पिलर्स चौक, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल चौक, फिराक गोरखपुरी चौक और काली मंदिर के पास सरदार पटेल चौक के सुंदरीकरण के लिए परंपरा ज्वैर्ल्स के साथ अनुबंध हुआ है। इससे निगम को 21.75 लाख रुपये की आय के साथ ब्राडिंग का भी लाभ मिलेगा। इसी तरह असुरन चौक एवं पैडलेगंज चौक के लिए स्पलाईस, यातायात तिराहा के लिए श्रीनाथ जी, कचहरी चौक के लिए अदिति, शास्त्री चौक, महात्मा गांधी चौक, गणेश चौक, कूड़ाघाट तिराहा और इंदिरा बाल बिहार के लिए हिमालया प्ले का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि चयनित फर्म को पांच साल तक स्वीकृत डिजाइन के मुताबिक चौराहों का रखरखाव करना होगा।