उनवल। पांच साल तक शारीरिक संबंध बनाकर पति ने दूसरी शादी कर ली। यह आरोप बृहस्पतिवार को खजनी थाने पहुंची गगहा की महिला ने प्रार्थना पत्र देकर लगाया है। महिला ने बताया कि वह पति के साथ रामगढ़ताल इलाके में किराये के घर में रहती थीं। इसी बीच पति बंगलुरू चला गया, वहां जाकर दूसरी शादी कर ली। फिलहाल, खजनी थाने की पुलिस ने महिला को यह कहकर वापस भेज दिया कि मामला रामगढ़ताल क्षेत्र का है।
महिला ने बताया है कि परिजनों ने मेरी शादी जहां कराई थी, वहां पति शराब पीकर मारपीट करता था। इसलिए उसे छोड़कर शहर आ गई, काम करने लगी। इस दौरान मुलाकात खजनी क्षेत्र के युवक से हो गई। बातचीत आगे बढ़ी तो पांच साल पहले युवक ने शादी की थी। इसके बाद रामगढ़ताल क्षेत्र में किराये का कमरा लेकर रहने लगा। इस दौरान पांच बार गर्भवती हुई, तीन बार पति ने गर्भपात करा दिया। दो बार दवा खिलाकर गर्भ नष्ट करा दिया। पांच साल तक यह सब होता रहा। इस दौरान अनबन हुई तो पति नाराज होकर बंगलुरू चला गया। वहां से दो माह तक बात होती रही। अचानक उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया। इसी बीच जानकारी मिली कि पति ने चार माह पहले दूसरी शादी कर ली है। खजनी थाने में महिला अपनी सहेली के साथ पहुंची थी।