नगर आयुक्त ने सफाई, जलभराव और हादसों को लेकर की बैठक
गोरखपुर। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की सफाई, जलभराव की समस्या, फाॅगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की समीक्षा की। हाल के दिनों में खुले नालों के कारण हुए हादसों पर चिंता जताते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि नालों की सफाई के बाद स्लैब तुरंत वापस रखे जाएं, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।
नगर आयुक्त ने डिवाइडर, दीवारों और बिजली के खंभों पर पोस्टर चिपकाकर गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती बरतने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में 5,000 से लेकर 50,000 रुपये तक का जुर्माना वसूला जाए। पोस्टरों पर दिए गए मोबाइल नंबरों के आधार पर संबंधित संस्था या व्यक्ति को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले ठेले वालों पर भी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही खाली प्लॉटों के मालिकों को नोटिस देकर कूड़ा साफ कराने की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि खाने-पीने के ठेले लगाने वालों से निर्धारित यूजर चार्ज लिया जाए। बैठक में फागिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव पर विशेष जोर दिया गया, ताकि मच्छरों से निजात मिल सके। चौराहों पर लगी महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित सफाई कराने के भी आदेश दिए गए। इसके अलावा नगर आयुक्त ने साफ-सफाई में लापरवाही बरतने वाले और लगातार अनुपस्थित रहने वाले सफाई कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बरसात को देखते हुए सफाई कर्मियों को छाता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया।