गोरखपुर। नगर निगम प्रवर्तन दल, यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने बेतियाहाता चौराहा से फिराक गोरखपुरी चौराहा, छात्रसंघ भवन चौराहा और झूलेलाल मंदिर से एमपी पॉलिटेक्निक तिराहा तक संयुक्त अभियान चलाया।
इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले ठेला-खोमचा जब्त किए गए और कुल 17 दुकानदारों पर कार्रवाई की गई। इसके साथ ही नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई हुई। प्रवर्तन टीम ने 94 चारपहिया और 205 दोपहिया वाहनों का चालान किया, जबकि चार गाड़ियों को क्रेन से उठाकर यातायात यार्ड भेजा गया। अभियान के दौरान टीम ने रेलवे बस स्टेशन के बाहर खड़ी बसों को डिपो के अंदर कराया। एसपी ट्रैफिक संजय कुमार ने बताया कि शहर में विशेष चेकिंग के दौरान 1181 वाहनों का चालान एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं में किया गया। इससे 51,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
गोलघर में चला विशेष जांच अभियान
नगर निगम और यातायात पुलिस ने बृहस्पतिवार को गोलघर में नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने कुल 54 वाहन (50 दोपहिया और चार कार) उठाए और 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। नगर निगम ने गोलघर इलाके को ‘नो पार्किंग’ और ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित किया है। इसके तहत कचहरी चौराहा से लेकर गोलघर काली मंदिर तक सड़क किनारे किसी भी प्रकार की गाड़ी खड़ी करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह कार्रवाई शुरू की गई है।