जंगल कौड़िया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने सीओ कैंपियरगंज को बृहस्पतिवार को प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बहन की शादी जिले के ही एक गांव में पांच महीने पहले तय की थी। आठ मई को बरात आने वाली है। लेकिन एक युवक ने साजिश के तहत वीडियो व फोटो एडिट कर वायरल कर शादी तोड़ने की कोशिश की।
आरोपी युवक ने वितरित शादी कार्ड के जरिये लड़के की जानकारी हासिल की और उससे संपर्क किया। इसके बाद उसने पीड़ित की बहन के वीडियो और फोटो एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार कर भेज दिया। इतना ही नहीं, युवक ने सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। इससे शादी टूटने के कगार पर पहुंच गई है। सीओ कैंपियरगंज गौरव त्रिपाठी ने बताया मामले की जानकारी मिली है। आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।